Raipur News: रायपुर में स्कोडा की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, महिला और दो बच्चे गंभीर घायल

Raipur News: रायपुर में तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक की है। इस हादसे से पहले स्कोडा सवार युवकों का MG रोड पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र सिंह भसीन का परिवार नया रायपुर में आयोजित भतीजी की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहा था। आधी रात के दौरान परिवार की बलेनो कार अग्रसेन धाम चौक के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार स्कोडा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल महिला और दोनों बच्चे श्याम नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के बाद वे भी घायल हुए, लेकिन कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कोडा कार जब्त कर ली है। पुलिस फरार चारों युवकों की तलाश कर रही है। इस बीच हादसे से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें स्कोडा सवार युवक MG रोड पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाया था, जो अब वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो और शराब सेवन से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है। हालांकि, दुर्घटना के समय युवक नशे में थे या नहीं और शराब सेवन का हादसे से कोई संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।   छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v