CG NEWS: तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला, दो की मौत; चालक फरार

CG NEWS: सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। डिवाइडर पर पेंटिंग का काम कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू (24), पिंटू माली (45) और थनवा समेत अन्य मजदूर 28 अक्टूबर की सुबह सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के उतरने वाले हिस्से में डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे। काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टॉपर लगाए गए थे। इसी दौरान आरंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने स्टॉपर को टक्कर मार दी और सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कपिल सैनी और पिंटू माली की मौत हो गई। तीसरे मजदूर थनवा का डीकेएस अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे ने शहर में सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को फिर सामने ला दिया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में रायपुर में कई गंभीर सड़क हादसे हुए हैं। 25 अक्टूबर को वीआईपी तिराहे पर कंटेनर की चपेट में आने से गंगा साहू और उनकी 9 वर्षीय बेटी रितिका की मौत हो गई थी। 22 अक्टूबर को अग्रसेन धाम के पास ट्रक ने बाइक सवार रमेश साहू (43) को कुचल दिया था, जबकि उनके साथी राम अवतार देवांगन गंभीर रूप से घायल हुए थे। वहीं, 10 अक्टूबर को थाने के सामने ट्रक की टक्कर से घनश्याम साहू की मौत हो गई थी। रिंग रोड-1 पर टाटीबंध से जोरा तक करीब 19 किलोमीटर का मार्ग भी हादसों के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस साल के शुरुआती नौ महीनों में इस मार्ग पर 145 सड़क हादसे हुए, जिनमें 24 लोगों की मौत हुई और 71 गंभीर रूप से घायल हुए। इस हिस्से में पांच ब्लैक स्पॉट, आधा दर्जन से अधिक अवैध कट और एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर अतिक्रमण की जानकारी दी गई है। इस मार्ग से रोजाना दो लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही बताई गई है। हादसों को रोकने के लिए गैरजरूरी डिवाइडर कट बंद करने, ब्लैक स्पॉट में सुधार, सड़क की इंजीनियरिंग ठीक करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अग्रसेन धाम और जोरा के बीच ओवरब्रिज निर्माण तथा टाटीबंध में सड़क की इंजीनियरिंग सुधारने का काम भी जारी है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के अनुसार, प्रत्येक सड़क हादसे की समीक्षा कर उसकी वजह बनने वाली खामियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। चिह्नित ब्लैक स्पॉट में सुधार के लिए संबंधित एजेंसियों को पत्र लिखे गए हैं और उनके साथ बैठकें भी की जा रही हैं।   छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v