CG NEWS: रायपुर में सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों ने गुरुवार सुबह स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। 60 से अधिक अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारी सरकार से नियुक्ति की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
D.Ed अभ्यर्थियों के अनुसार, वे पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इतने लंबे समय तक प्रदर्शन के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। इसी के चलते अब उन्होंने शिक्षा मंत्री के बंगले के अंदर परिवार सहित धरना शुरू किया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति का मामला लंबे समय से लंबित है। उनका दावा है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद इन पदों पर अब तक नियुक्ति नहीं हुई है। वे सरकार से इन आदेशों के अनुरूप जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेने और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह केवल नौकरी मिलने का सवाल नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और आत्मसम्मान से जुड़ा मामला है। फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और नियुक्ति की तारीख घोषित होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v



