Sports News: एजाज की 20 गेंदों में फिफ्टी, राशिद का तूफान, अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को हराया

Sports News: अफगानिस्तान ने शारजाह में खेले गए तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 37 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने शुरुआती झटकों से उबरकर 177 रन बनाए। 20 वर्षीय एजाज अहमदजई ने महज 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जबकि कप्तान राशिद खान ने आखिरी ओवरों में 10 गेंदों पर 30 रन की विस्फोटक पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 140 रन पर ऑलआउट हो गई। राशिद ने गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली और जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार छठी टी-20 अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर में कप्तान इब्राहिम जादरान ब्रैड इवांस की गेंद पर कवर में कैच आउट हो गए। इसके बाद अर्नेस्ट मसूकू ने सेदिकुल्लाह अटल और मोहम्मद अकरम को पवेलियन भेज दिया। नौवें ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज भी वेलिंगटन माजाकाद्जा की गेंद पर आउट हो गए। उनका कैच सिकंदर रजा ने एक्स्ट्रा कवर पर पकड़ा। अजमतुल्लाह उमरजई का विकेट गिरने के बाद 12वें ओवर तक अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 66 रन हो गया था। मुश्किल स्थिति में अफगानिस्तान की पारी को संभालने के लिए एजाज अहमदजई ने तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टीम की रन गति बढ़ाई। इसके बाद पारी के अंतिम ओवरों में राशिद खान ने आक्रामक अंदाज अपनाया। राशिद ने सिर्फ 10 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 300 का रहा। इन तेज रनों की बदौलत अफगानिस्तान 177 रन तक पहुंचने में सफल रहा। जिम्बाब्वे की ओर से न्यूमैन न्यामहुरी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 31 रन देकर चार विकेट हासिल किए। पारी के अंतिम ओवर में उन्होंने तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान की रन गति रोकने की कोशिश की, लेकिन टीम को 178 रन का लक्ष्य देने से नहीं रोक सके। राशिद और मुजीब की गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे ढेर 178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 38 रन बनाए। इसके बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। राशिद खान ने इनोसेंट काइया को बोल्ड कर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका दिया। मध्य ओवरों में विकेट गिरने से जिम्बाब्वे की टीम लक्ष्य का पीछा करने में दबाव में आ गई। राशिद ने तादिवानाशे मरुमानी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने अपने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए। मुजीब उर रहमान ने भी 27 रन देकर दो विकेट हासिल किए। जिम्बाब्वे की ओर से रयान बर्ल ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। उन्होंने 24 गेंदों का सामना किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम की वापसी नहीं हो सकी। जिम्बाब्वे की पूरी टीम 140 रन पर सिमट गई और अफगानिस्तान ने मुकाबला 37 रन से जीत लिया। इस परिणाम के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v