Chhattisgarh Rajyotsav 2026: राज्योत्सव में 2 नवंबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य, सारंग टीम करेगी एयर शो

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक हवाई प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टीम का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया और राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से एयर शो आयोजित होगा। इसमें पांच हेलीकॉप्टर आसमान में विभिन्न संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव होगा। भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और टीम भावना को दर्शाता है। ऐसे आयोजन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एयर शो से युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने की भावना मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा और विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को प्रदर्शित करेगा। एयर शो में सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से विभिन्न हवाई संरचनाओं और करतबों का प्रदर्शन करेंगे। टीम की विशेष पहचान हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक संचालन और निर्धारित संरचनाओं में बेहतरीन तालमेल है। प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की आकर्षक संरचनाएं, समन्वित उड़ानें और रोमांचक हवाई गतिविधियां देखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भाग लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना सारंग टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उनके अनुसार, टीम देश-विदेश में अपने प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना के कौशल, अनुशासन और उत्कृष्टता का परिचय देती रही है। टीम का उद्देश्य दर्शकों को रोमांचक करतब दिखाने के साथ युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। ग्रुप कैप्टन कुमार ने युवाओं से अपने सपनों पर विश्वास रखने और दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य कितना भी ऊंचा हो, समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम से उसे हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमों में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। इस तरह के प्रदर्शन के लिए पायलटों के बीच असाधारण तालमेल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता जरूरी होती है। सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से प्रदर्शन करती है। ये हेलीकॉप्टर भारत की विमानन तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का उदाहरण हैं। टीम की उड़ान शैली, आकर्षक रंग संयोजन और सामूहिक समन्वय इसकी खास पहचान है। हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन और डिजाइन राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। टीम का आदर्श वाक्य ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। इसके प्रदर्शन में साहस, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आपसी विश्वास का समन्वय देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री साय ने टीम में दो महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है। स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित अवसर, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम से बेटियां किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का अवसर है। सारंग टीम की सहभागिता समारोह को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर में होने वाला एयर शो प्रदेशवासियों के मन में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करेगा तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v