Chhattisgarh Foundation Day: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए गौरव का अवसर है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ था। पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य के आधार पर छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल अब तक की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर नहीं है, बल्कि उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का भी दिन है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को समृद्ध, सशक्त और विकसित राज्य बनाने के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




