Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव आज से शुरू, पलक-अभिजीत की प्रस्तुतियों के साथ एयर शो का रोमांच, 40 हजार वाहनों की पार्किंग,6 रास्तों से पहुंचेंगे लोग

Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर से नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आगाज हो रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां, स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, भारतीय वायुसेना का एयर शो और 26 विभागों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके जरिए महिलाओं और युवाओं से जुड़ी योजनाओं तथा विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन ने दर्शकों की आवाजाही, पार्किंग, स्वास्थ्य और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

राज्योत्सव के तीनों दिनों में अलग-अलग कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 1 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छाल कार्यक्रम में शामिल होंगी। 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल की प्रस्तुति होगी, जबकि 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य मंच पर कार्यक्रम देंगे। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान हर दिन स्थानीय कलाकारों के करीब 10 परफॉर्मेंस होंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल होंगे। दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति रहेगी, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई गई है। सारंग और सूर्यकिरण टीम दिखाएगी हवाई करतब राज्योत्सव में 1 और 2 नवंबर को भारतीय वायुसेना का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने हवाई करतब दिखाएगी। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर रायपुर में अभ्यास कर चुके हैं। वहीं, सेंध लेक क्षेत्र में नौ विमानों के जरिए करीब 40 मिनट तक फॉर्मेशन और हवाई प्रदर्शन किए जाने की तैयारी है। एयर शो के दौरान आसमान में विमानों की कलाबाजियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी। 26 विभागों के स्टॉल में दिखेगी सरकारी योजनाओं की झलक आयोजन स्थल पर प्रदेश के 26 विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य, शिक्षा, वाणिज्य एवं उद्योग, खनिज, गृह, छत्तीसगढ़ परिवहन, खेल एवं युवा कल्याण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण, जनसंपर्क, आदिवासी विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, समाज कल्याण, जल संसाधन, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, महिला एवं बाल विकास तथा सामान्य प्रशासन विभाग शामिल हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) का स्टॉल भी रहेगा। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी देंगे। छह रूट से पहुंचेगी भीड़, 40 हजार वाहनों की पार्किंग राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने छह अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। पहले रूट में रायपुर, धमतरी, तिल्दा, खरोरा, बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा और दुर्ग की ओर से आने वाले वाहन शामिल हैं। इस मार्ग पर रिंग रोड-3 से राजू ढाबा, सेरीखेड़ी ब्रिज, एक्सपो सेंटर और स्टेडियम टर्निंग होते हुए सेक्टर-22 की ओर पहुंचने की व्यवस्था है। इस रूट के वाहनों के लिए सेक्टर-22 में P-15 पार्किंग निर्धारित की गई है। दूसरे रूट में आरंग, खरोरा, महासमुंद और बलौदाबाजार की ओर से आने वाले वाहन शामिल हैं। इन वाहनों को आरंग, लखौली, नवागांव रेलवे क्रॉसिंग, क्रिकेट स्टेडियम और संघ तालाब होते हुए सेक्टर-22 टर्निंग की ओर भेजा जाएगा। इनके लिए भी P-15 पार्किंग निर्धारित है। तीसरे रूट में अभनपुर, धमतरी, बालोद और दुर्ग की ओर से बसों के आने की व्यवस्था है। इस मार्ग पर मोनेफोर्ट स्कूल, हिदायतुल्ला लॉ यूनिवर्सिटी, ट्रिपल आईटी और उपरवारा चौक होते हुए मुकुटंगन तिराहा पहुंचने का रास्ता तय किया गया है। बसों के लिए मुकुटंगन में P-12, मुकुटंगन रेलवे स्टेशन में P-13 और गोल्फ मैदान में P-14 पार्किंग रहेगी। चौथे रूट में इन्हीं क्षेत्रों से कार और चारपहिया वाहन आएंगे। इनके लिए अभनपुर, कमल विहार, केंद्रीय विद्यालय, बेंद्री मोड़ और ग्राम निमोरा प्रशासनिक अकादमी होते हुए पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग ग्राम निमोरा के पास P-11 में होगी। पांचवें रूट में रायपुर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन शामिल हैं। इस मार्ग पर पचपेड़ीनाका, बोरियाकला, माना बस्ती और तूता होते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था है। इस रूट के लिए तूता मैदान में P-08, इंडियन तड़का ढाबा के पास P-09 और ग्राम निमोरा बस्ती मार्ग पर P-10 पार्किंग तय की गई है। छठे रूट में गोबरा नवापारा, राजिम और गरियाबंद की ओर से आने वाली बसों और कारों के लिए अलग मार्ग निर्धारित है। इस रूट पर राजिम, गोबरा नवापारा, नवागांव, खंडवा और मुंकुटंगन तिराहा होते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचा जा सकेगा। इनके लिए भी मुकुटंगन क्षेत्र में P-12, रेलवे स्टेशन के पास P-13 और गोल्फ मैदान में P-14 पार्किंग की व्यवस्था है। प्रशासन ने करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। आयोजन स्थल पर दो प्रवेश द्वारों से लोगों को अंदर लाया जाएगा। इसके साथ ही 300 शौचालय, अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों से राज्योत्सव मैदान तक लोगों को पैदल जाना होगा। देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने भी आयोजन स्थल को सजाया है। तीन दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभागीय प्रदर्शनियां और हवाई प्रदर्शन राज्योत्सव की प्रमुख गतिविधियां रहेंगी।   छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v