CG NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उनका आभार व्यक्त किया है। इस किस्त के तहत प्रदेश के 24 लाख 60 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचने से योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में किसानों के खातों में पहुंचाई जाती है।
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और यहां के लाखों किसान परिवारों के लिए यह सहायता राशि उपयोगी साबित होगी। खेती के समय मिलने वाली आर्थिक मदद से किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और राष्ट्र की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। चौधरी ने प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




