Raipur Railway News: मुंबई रूट पर स्पेशल ट्रेन का ऐलान, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज

Raipur Railway News: मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बढ़ती यात्रा भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भुवनेश्वर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 27 जून को दोपहर 12:55 बजे रायपुर और दोपहर 2:00 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे का मानना है कि इससे रायपुर, दुर्ग और आसपास के हजारों यात्रियों को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलेगा।

स्पेशल ट्रेन 26 जून की रात 11:00 बजे भुवनेश्वर से रवाना होगी। यह नाराज, ढेंकानाल, तालचेर रोड, अंगुल, संबलपुर, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटलागढ़ और महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, अकोला, भुसावल और नासिक के रास्ते 28 जून सुबह 9:00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। रायपुर और दुर्ग से बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार, इलाज और शिक्षा के लिए मुंबई जाते हैं। नियमित ट्रेनों में लगातार लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे ने शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 टियर कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 27 जून से 3 जुलाई तक शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस तथा 29 जून से 5 जुलाई तक एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में उपलब्ध रहेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में भी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर विचार किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पहुंचें। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v