Raipur News: राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल परिसर में पानी की आपूर्ति बाधित होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई लोगों को पीने का पानी तक बाहर से खरीदना पड़ रहा है, जबकि नहाने और दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन दिनभर पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। कई लोग बाल्टियों और डिब्बों में पानी भरकर वार्ड तक ले जाते दिखाई दिए। मरीजों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि सप्ताह में कई बार पानी की आपूर्ति बाधित होने से उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ती है।
पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में बंद पड़ा AC
जल संकट के साथ-साथ अस्पताल के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में एयर कंडीशनर बंद होने से भी मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उमस भरे मौसम में प्रसूताओं और नवजात बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई वार्डों के कूलर भी खराब बताए जा रहे हैं, जिससे गर्मी और उमस के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
20 साल पुरानी पाइपलाइन बनी बड़ी वजह
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार परिसर की जलापूर्ति पाइपलाइन करीब 20 वर्ष पुरानी हो चुकी है। भूजल में कैल्शियम की अधिक मात्रा के कारण पाइपलाइन के भीतर परत जम गई है, जिससे पानी का प्रवाह बार-बार प्रभावित हो रहा है। समय-समय पर मरम्मत और मेंटेनेंस के दौरान भी जलापूर्ति रोकनी पड़ती है, जिससे अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित होती है।
मरीजों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ पेयजल और उचित तापमान जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अस्पताल प्रबंधन ने क्या कहा?
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.के. सिन्हा ने बताया कि पाइपलाइन के मेंटेनेंस कार्य के कारण कुछ समय के लिए पानी की आपूर्ति रोकी गई थी। उन्होंने कहा कि लगातार कई दिनों तक पानी बंद रहने की बात सही नहीं है। अस्पताल में नियमित रूप से ऑपरेशन हो रहे हैं और व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




