CG News: छत्तीसगढ़ बनेगा Textile Hub, नवा रायपुर में 235 करोड़ की यूनिट का भूमिपूजन

CG News: छत्तीसगढ़ को देश का नया Textile Hub  बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम कुर्रू में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की 235 करोड़ रुपये की नवीन वस्त्र निर्माण इकाई का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मौजूद रहे।

इस परियोजना को राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

ओपी चौधरी बोले—छत्तीसगढ़ बनेगा मैन्युफैक्चरिंग और टेक्सटाइल का केंद्र

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह निवेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेक इन इंडिया” और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के “विकसित छत्तीसगढ़” विजन को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि अब राज्य केवल खनिज और कृषि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में भी उभरेगा।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर को सिर्फ प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि औद्योगिक और आईटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

हजारों को मिलेगा रोजगार, ग्रामीण महिलाओं को विशेष लाभ

ओपी चौधरी ने बताया कि इस इकाई से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को घर के पास काम का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के जरिए स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे उद्योगों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

सरकार की नई औद्योगिक नीति से बढ़ा निवेश

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति के कारण छत्तीसगढ़ में निवेश का माहौल तेजी से मजबूत हुआ है। सिंगल विंडो सिस्टम, पारदर्शी भूमि आवंटन और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के कारण निवेशक राज्य की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह टेक्सटाइल इकाई लगभग 18 महीनों में उत्पादन शुरू कर देगी।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी यूनिट

सीआईआई (CII) चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह इकाई स्पिनिंग, वीविंग और गारमेंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित होगी। इससे छत्तीसगढ़ के कपास उत्पादक किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय स्तर पर विकास की उम्मीद

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और युवाओं ने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा और पलायन में कमी आएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर औद्योगिक विकास से गांवों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v