CG News: NEET-UGC NET विवाद पर गरमाई सियासत, शाखा यादव ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर साधा निशाना

CG News: देशभर में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में चक्रधर नगर चौक स्थित कमला नेहरू पार्क के पास प्रोजेक्टर के माध्यम से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का प्रसारण किया। इस दौरान छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

राजस्थान के कोटा में आयोजित विशाल कार्यक्रम में राहुल गांधी ने हजारों विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नीट, यूजीसी-नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती घोटालों को देश के युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विफल नीतियों और परीक्षा प्रबंधन में लापरवाही के कारण लाखों युवाओं की मेहनत और सपने प्रभावित हो रहे हैं।

शाखा यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

रायगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले छात्र जब परीक्षा में बैठते हैं और बाद में पेपर लीक या भर्ती विवाद सामने आते हैं, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रही है और राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास है।

देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत

शाखा यादव ने बताया कि राहुल गांधी ने कोटा के दशहरा मैदान से देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने छात्रों और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।

युवाओं के मुद्दों पर राजनीति तेज

देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर लगातार बहस जारी है। ऐसे समय में कांग्रेस का यह अभियान युवाओं और छात्रों के मुद्दों को केंद्र में लाने की कोशिश माना जा रहा है। रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा और रोजगार नीतियों पर सवाल उठाते हुए युवाओं के हितों की रक्षा की मांग की। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v