Raigarh AC Blast News: रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर आवास में गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। विंडो एसी के कम्प्रेसर में हुए ब्लास्ट के बाद कमरे में फैले जहरीले धुएं से दम घुटने पर 38 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय पुत्र राजबीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
तड़के हुआ हादसा, कमरे में भर गया धुआं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अंबेडकर आवास के मकान क्रमांक 232 में रहने वाले पुरुषोत्तम पटेल अपने पुत्र राजबीर के साथ बुधवार रात भोजन करने के बाद कमरे में विंडो एसी चालू कर सो गए थे। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक एसी के कम्प्रेसर में जोरदार विस्फोट हो गया।
ब्लास्ट के बाद आग भड़क गई और घर के बाहर खड़े स्कूटर एवं मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गए। आग से उठे घने धुएं ने पूरे कमरे को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे पिता-पुत्र दोनों बेहोश हो गए।
दरवाजा तोड़कर निकाला गया बाहर
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने डायल-112 और चक्रधरनगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर मकान का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजबीर पटेल का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। एसी कम्प्रेसर ब्लास्ट और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से हुआ।
रात को जन्मदिन का जश्न, सुबह पसरा मातम
इस हादसे का सबसे भावुक पहलू यह है कि 25 जून को राजबीर पटेल का जन्मदिन था। पड़ोसियों के अनुसार रात 12 बजे परिवार और परिचितों ने मिलकर राजबीर का जन्मदिन मनाया था। केक काटा गया, शुभकामनाएं दी गईं और घर में खुशियों का माहौल था।
लेकिन कुछ ही घंटों बाद हुए इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। जन्मदिन की सुबह परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे अंबेडकर आवास क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद घरेलू एयर कंडीशनर और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच एवं रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पुराने या खराब एसी यूनिट, वायरिंग में गड़बड़ी और समय पर सर्विसिंग नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




