ISI Sleeper Sell News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। अकलतरा पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करने और संवेदनशील जानकारियां साझा करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक की पहचान पंजाब निवासी 23 वर्षीय सेवक सिंह के रूप में हुई है।
किरायेदार सत्यापन के दौरान हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में किरायेदारों के सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अकलतरा के मिनी माता चौक स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे सेवक सिंह की जांच की गई।
प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई।
JSW में कर रहा था काम
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला है। वह पिछले तीन-चार महीनों से अकलतरा में रह रहा था और अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से JSW पावर कंपनी में ठेका श्रमिक के रूप में कार्य कर रहा था।
मोबाइल जांच में मिले संदिग्ध चैट और कॉल रिकॉर्ड
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के संकेत मिले। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में मिले कॉल रिकॉर्ड, वीडियो कॉल और चैट के आधार पर वह पाकिस्तान स्थित संदिग्ध हैंडलर्स के संपर्क में था।
पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क स्थापित होने के बाद उसे कुछ रकम भी भेजी गई थी। इसके बदले उससे विभिन्न स्थानों की लोकेशन, फोटो और वीडियो साझा करने को कहा गया था।
संवेदनशील प्रतिष्ठानों की जानकारी साझा करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने औद्योगिक और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों से जुड़ी जानकारियां साझा की थीं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कौन-कौन सी सूचनाएं भेजी गईं और उनका उद्देश्य क्या था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की सूचना उच्च स्तरीय सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित जांच इकाइयों को भी दी गई है।
फोरेंसिक जांच से खुलेंगे और राज
पुलिस अब मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और ऑनलाइन गतिविधियों की विस्तृत फोरेंसिक जांच करा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले को देखते हुए जांच एजेंसियां बेहद सतर्कता के साथ कार्य कर रही हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क और संभावित संपर्कों की पड़ताल जारी है।




