CG News: दुर्ग जिले के भिलाई में सड़क पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार एक युवक का पुलिस हिरासत से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी पुलिस वैन के अंदर हथकड़ी पहने हुए नजर आ रहा है और कानून को चुनौती देने वाले अंदाज में रील बनाता दिखाई दे रहा है। घटना सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्टंट के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, सुपेला थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
हथकड़ी में दिखाया विक्ट्री साइन
वायरल वीडियो में आरोपी हथकड़ी दिखाते हुए विक्ट्री साइन बनाता और मुस्कुराता नजर आ रहा है। वीडियो के साथ उसने कैप्शन लिखा— "आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल"।
रील के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इसे कानून का मजाक उड़ाने और पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला व्यवहार बताया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा। साथ ही उसे वीडियो रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मौका कैसे मिला।
सोशल मीडिया पर लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि यदि आरोपी पुलिस वाहन में रहते हुए इस तरह की गतिविधि कर सकता है, तो सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
विभाग में मची हलचल
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास मोबाइल किस परिस्थिति में पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका क्या रही।




