Dog Attack: आवारा कुत्तों का आतंक, 5 साल के बच्चे को नोचकर किया घायल

Dog Attack: राजनांदगांव शहर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की सनसिटी एनएक्स कॉलोनी में खेल रहे पांच वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है।

घायल बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

खेलते समय अचानक घेर लिया

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम पांच वर्षीय बच्चा कॉलोनी में खेल रहा था। इसी दौरान तीन से चार आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।

कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिरा दिया और उसे घसीटते हुए शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। अचानक हुए हमले से बच्चा खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुत्तों के झुंड के सामने बेबस नजर आया।

युवक ने बचाई मासूम की जान

घटना के दौरान पास में मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए दौड़कर कुत्तों को भगाया और बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया। समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

हमले में बच्चे के पैरों, जांघों और पीठ के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

लोगों में आक्रोश

घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों की धरपकड़ और नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

डोंगरगढ़ में भी तीन लोग बने शिकार

इधर डोंगरगढ़ क्षेत्र के नाकापारा गांव में भी आवारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आई है। यहां कुत्तों के झुंड ने राह चलते तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भी भय का माहौल बना हुआ है।

बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या

राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही कुत्तों के हमले की घटनाओं ने नगर निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v