CG NEWS: दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक चैतराम अटामी ने बचेली में रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर NMDC अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों की आपत्ति के बीच मौके पर पहुंचे विधायक ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में उनकी अनुमति के बिना कोई काम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र का विधायक मैं हूं। मेरी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा। मेरा गुस्सा तुमने नहीं देखा है, मेरा गुस्सा तो महेंद्र कर्मा ने देखा था। मुझे कानून मत सिखाओ।” इस दौरान विधायक और अधिकारियों के बीच तीखी बातचीत हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं की जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सुरक्षा बलों का इस्तेमाल अधिकारियों के फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों को विश्वास में लिए बिना गेट निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गेट हटाने और बैठक बुलाने की मांग
चैतराम अटामी ने अधिकारियों से तत्काल गेट हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर स्थानीय जनता सड़क पर उतरकर गेट हटाएगी। विधायक ने बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों की सहमति लेने और सभी पक्षों से चर्चा के बाद ही आगे का काम करने की बात कही। उनका कहना था कि गेट लगने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अस्पताल या अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो सकती है।
विधायक ने सुरक्षा व्यवस्था के विकल्प के तौर पर हर चौक पर CCTV कैमरे लगाने और गार्ड नियुक्त करने का सुझाव दिया। उन्होंने बाजार में सब्जी खरीदने आने वाले ग्रामीणों से आधार कार्ड मांगने पर भी आपत्ति जताई।
बिना NOC निर्माण का आरोप
दरअसल, बचेली में NMDC की ओर से कुछ रास्तों पर गेट लगाए जा रहे हैं। नगर पालिका और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जरूरी NOC और प्रक्रिया पूरी किए बिना निर्माण किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इसी मुद्दे पर NMDC प्रबंधन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि कानून सभी के लिए समान है और बिना जरूरी बैठक तथा सहमति के निर्माण नहीं होना चाहिए। वहीं, NMDC प्रबंधन का पक्ष खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आया। मीडिया बयान देने वाले अधिकारी विनय रेड्डी ने बताया कि अधिकारी बैठक में व्यस्त हैं।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




