Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र में स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने बावड़ी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
खेलते-खेलते बावड़ी के पास पहुंचे थे बच्चे
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार सुबह मंदिर परिसर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वे बावड़ी के नजदीक पहुंचे और संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की जान जा चुकी थी।
मृत बच्चों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष), निवासी कुर्रा गांव, धरसीवां के रूप में हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से नाराज ग्रामीण
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मंदिर परिसर की यह बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन यहां न तो मजबूत घेराबंदी की गई है और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी बावड़ी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बावड़ी के चारों ओर मजबूत सुरक्षा दीवार या जाली लगाई जाए और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल होने के कारण यहां रोज बड़ी संख्या में लोग और बच्चे पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा इंतजाम बेहद जरूरी हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
धरसीवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




