CG News: छत्तीसगढ़ के पाली में शनिवार दोपहर नकली पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए घर में गांजा छिपाकर रखने की बात कही और तलाशी के बहाने अलमारी खुलवाकर करीब 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तलाशी के नाम पर खुलवाई अलमारी
पाली थाना क्षेत्र में हाई स्कूल के सामने रहने वाली ललिता नेताम ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर वह अपनी बड़ी बहन और बेटी के साथ घर पर थीं। इसी दौरान दो युवक घर पहुंचे। उनमें से एक ने पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि घर में 10 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया है, जिसकी तलाशी लेनी होगी।
बदमाशों ने अलमारी की चाबी मांगी। पुलिस समझकर परिवार ने चाबी दे दी। इसके बाद आरोपी ने अलमारी खोलकर उसमें रखे एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने के झुमके और दो जोड़ी चांदी की पायल निकाल लिए।
बाइक से फरार हुए आरोपी
जेवर लेकर दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब परिवार ने अलमारी की जांच की तो जेवर गायब मिले। इसके बाद पीड़िता ने पाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
घटना के बाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को केवल वर्दी देखकर घर में प्रवेश न दें। यदि कोई खुद को पुलिस या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर तलाशी या जांच की बात करता है, तो पहले उसकी पहचान और आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करें। किसी भी संदेह की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




