Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। तूफान के प्रभाव से राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तूफान के कारण 31 घरों को नुकसान पहुंचा है। रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा तथा विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से जुड़ी 21 उड़ानें रद्द की गई हैं। इसके अलावा, राज्य के 13 शहरों में अचानक बाढ़ आने का अलर्ट जारी किया गया है।
तूफान के दौरान आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश होने की जानकारी सामने आई है। विशाखापट्टनम में 27 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे से 28 अक्टूबर की सुबह 3 बजे तक करीब 18 घंटे में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यह आंकड़ा जुलाई में होने वाली औसत बारिश 133 मिलीमीटर से डेढ़ गुना से भी अधिक है।
विजयनगरम में भी लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों को लोगों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। संभावित बाढ़ और तूफान के प्रभाव को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य जारी हैं।
तूफान से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना ने भी मोर्चा संभाला है। वायुसेना ने विजयवाड़ा में दो C-130J विमानों की मदद से 23 टन राहत सामग्री पहुंचाई। इसके अलावा, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें भी भेजी गई हैं। वायुसेना ने कहा कि वह लोगों की जान बचाने और राष्ट्रीय आपदा राहत कार्यों में सहायता के लिए तैयार है।
चक्रवात का असर पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण राज्य के 16 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में लोगों को आश्रय देने के लिए कुल 4,000 साइक्लोन शेल्टर बनाए गए हैं।
रेल यातायात पर भी तूफान का असर पड़ा है। ओडिशा में 5 नवंबर तक 22 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या स्थगित किया गया है। विशाखापट्टनम-किरंदुल और राउरकेला-जगदलपुर सहित कई रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हिराखंड एक्सप्रेस के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा जानकारी देखने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 21 से 30 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। तूफान के प्रभाव को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और मौसम संबंधी निगरानी जारी है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




