CG News: रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण और बिक्री के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सोनडोंगरी इलाके में की गई छापेमारी में पुलिस ने करीब 35.45 लाख रुपये मूल्य का ईंधन, टैंकर, नकदी और उपकरण जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध ईंधन कारोबार से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास सोनडोंगरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कबीर नगर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छापा मारा और मौके से चार लोगों को पकड़ा।
मौके से भारी मात्रा में ईंधन बरामद
छापेमारी के दौरान एक बाउंड्री से घिरे प्लॉट में अवैध भंडारण पाया गया। यहां से 8 ड्रम में लगभग 1600 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रम में 500 लीटर डीजल बरामद किया गया। इसके अलावा मोटर पंप, पाइप, टीन के बर्तन और अन्य उपकरण भी मिले।
पुलिस को मौके पर खड़े टैंकर (CG07BA8727) में लगभग 12,000 लीटर डीजल भरा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
सप्लाई चेन में टैंकर ड्राइवरों की भूमिका
जांच में सामने आया कि आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया पेट्रोल-डीजल को टैंकर चालकों और अन्य स्रोतों से खरीदकर अवैध रूप से बेचता था। आरोप है कि इंडियन ऑयल के लखौली डिपो से डीजल लेकर जा रहे टैंकर से भी बीच रास्ते में ईंधन निकाला जाता था।
इस नेटवर्क में रामजी यादव, धर्मेंद्र साव और उमेश साव की भूमिका भी सामने आई है।
35 लाख से अधिक की जब्ती
पुलिस ने कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 35 लाख 45 हजार 770 रुपये आंकी है। इसमें पेट्रोल-डीजल, टैंकर, नकदी और उपकरण शामिल हैं। मौके से लिए गए ईंधन के नमूने जांच के लिए सील कर दिए गए हैं।
आरोपियों पर केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव (रायपुर), उमेश साव (बीरगांव), रामजी यादव (दुर्ग) और धर्मेंद्र साव (भिलाई) शामिल हैं। इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आगे की जांच जारी
पुलिस अब इस अवैध ईंधन नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




