CG News: रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम की समीक्षा, चाकूबाजी-लूट पर सख्ती

CG News: राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के करीब पांच महीने बाद पुलिस कंट्रोल रूम में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने शहर में बढ़ती चाकूबाजी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सभी जोन के अधिकारियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर अपराध नियंत्रण की स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों से लंबित मामलों, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और अपराधों की रोकथाम से जुड़े आंकड़ों की जानकारी ली गई। इस दौरान कुछ आंकड़ों में त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें सुधारकर दोबारा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस

पुलिस कमिश्नर ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने और ड्रग्स नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने इंटेलिजेंस सिस्टम को मजबूत करने, सप्लाई चेन की पहचान करने और आर्थिक लाभ अर्जित करने वाले आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में सफेमा और अन्य आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को संपत्ति जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने और अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर विशेष नजर

समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों, साइबर क्राइम, चिटफंड धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में साइबर अपराध, नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

कमिश्नरेट सिस्टम की हुई समीक्षा

डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता ने बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और अपराध नियंत्रण में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि सभी जोन में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नई रणनीतियों पर काम किया जा रहा है।

बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और विशेष शाखा के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पिछले पांच महीनों की उपलब्धियों और चुनौतियों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। चाकूबाजी, लूट, नशा तस्करी, महिला अपराध और साइबर ठगी जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शहर को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v