ई-चालान के नाम पर भेजा गया फर्जी मैसेज
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अंकेश सिन्हा (30), निवासी राजनांदगांव, 6 जून 2026 को अपने ससुराल भिलाई के कोहका क्षेत्र में आए हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एम-परिवहन (m-Parivahan) के नाम से एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें उनके वाहन पर 1000 रुपये का ई-चालान दिखाया गया था।
मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बना ली।
कुछ ही मिनटों में खाते से उड़ाई बड़ी रकम
लिंक क्लिक करने के बाद कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में पैसे निकाले गए। शाम 7:03 बजे और 7:06 बजे आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से क्रमशः 1,31,762 रुपये और 2,92,611 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की गई।
कुल मिलाकर 4,24,373 रुपये खाते से गायब हो गए।
फ्लिपकार्ट से खरीदे गए तीन महंगे फोन
जांच में सामने आया कि ठगों ने चोरी की गई राशि का उपयोग ऑनलाइन शॉपिंग में किया। फ्लिपकार्ट प्लेटफॉर्म से सैमसंग S-26 Ultra के तीन मोबाइल फोन खरीदे गए।
इन मोबाइल की डिलीवरी उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक पते पर की गई, जिसका नाम अमन राय बताया जा रहा है। पुलिस अब इस डिलीवरी एड्रेस और ट्रांजेक्शन नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
घटना की शिकायत सुपेला थाना क्षेत्र में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजेक्शन, ई-कॉमर्स ऑर्डर और डिलीवरी डिटेल्स के आधार पर साइबर नेटवर्क की पहचान की जा रही है।
साइबर ठगी का बढ़ता नया पैटर्न
विशेषज्ञों के अनुसार, ई-चालान, पार्सल डिलीवरी और बैंक अलर्ट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों में क्लिक करते ही मोबाइल में मौजूद OTP, बैंकिंग ऐप और निजी डेटा हैक हो जाता है।




