CG NEWS: रायपुर के गोल बाजार थाना क्षेत्र में रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारकर पांच कार्टन तैयार पटाखे, अधबने पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्युमिनियम पाउडर जब्त किया। टीम ने पटाखे बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कमरे को सील कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति पटाखा दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने कमरे में दूसरे लोगों से पटाखे तैयार करवा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। यह कार्रवाई गोल बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे बनते हुए मिले। टीम ने तैयार पटाखों के साथ बोरियों और कार्टन में रखे अधबने पटाखे भी जब्त किए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब्त सामग्री में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कम विस्फोटक श्रेणी का पदार्थ भी शामिल है। कार्रवाई के बाद संबंधित कमरे को सील कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57), निवासी कालीनगर, पंडरी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




