CG NEWS: छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए विभिन्न रेल परियोजनाओं को स्वीकृति दिए जाने पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नई रेल लाइनों और रेल कॉरिडोर के विकास से प्रदेश के आर्थिक विकास, औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को नई गति मिलेगी।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार छत्तीसगढ़ की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्री परिवहन के साथ माल ढुलाई की सुविधाओं में भी सुधार होगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने से व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
चौधरी के अनुसार, कटनी–शहडोल–पेंड्रा रोड तक चौथी रेल लाइन, पेंड्रा रोड–बिलासपुर तथा जांजगीर-चांपा–कोरबा तक तीसरी रेल लाइन को स्वीकृति मिलना प्रदेश के रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही खरसिया–नवा रायपुर–परमलकसा और कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल कॉरिडोर को भी मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रेल मार्गों की क्षमता बढ़ेगी। औद्योगिक क्षेत्रों, खनिज संसाधनों पर आधारित उद्योगों और प्रमुख व्यापारिक केंद्रों के बीच परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी। माल ढुलाई अधिक सुगम होने से उद्योगों को लाभ मिलने और लॉजिस्टिक्स लागत कम करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधनों और औद्योगिक संभावनाओं से समृद्ध राज्य है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उद्योगों को कच्चा माल पहुंचाने और तैयार उत्पादों को बाजार तक ले जाने में सुविधा मिलेगी। इससे औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि रेल परियोजनाओं के विस्तार से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ नागरिकों के आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर हो सकेंगी।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नई रेल लाइनों और कॉरिडोर के विस्तार से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने इन परियोजनाओं की स्वीकृति को छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक आर्थिक विकास और समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




