Raigarh Monsoon Alert: सक्रिय मानसून को देखते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने बाढ़, जलभराव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सभी विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली व्यवस्था, जल निकासी और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
17 बाढ़ प्रभावित गांवों पर रहेगी विशेष नजर
हीराकुंड बांध के बैकवॉटर से प्रभावित चिन्हित 17 गांवों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग, समय पर अलर्ट जारी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की पूरी कार्ययोजना तैयार रखने को कहा गया है।
48 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे
रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में मानसून के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 48 वार्डों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। नगर निगम के चारों जोन में विशेष प्रभारी तैनात होंगे। जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, नालों की सफाई, पंपों की उपलब्धता और आपातकालीन टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को मौसमी और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है। शहर के वार्ड क्रमांक 17, 19 और 20 में डेंगू नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों के साथ एंटी स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
24 घंटे चालू रहेगी बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन
आपदा की स्थिति में आम नागरिकों की सहायता के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 07762-223750 को 24 घंटे संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। राहत शिविरों के लिए भवनों की पहचान, नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य राहत सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
SSP ने पुलिस को दिए विशेष निर्देश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, त्वरित पुलिस सहायता और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाने पर भी चर्चा की गई।
गंधरी पुलिया से न गुजरें
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रेलवे अंडरब्रिज (गंधरी पुलिया) को आवागमन के लिए बंद कर दिया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




