CG News: 15 अगस्त से पहले छत्तीसगढ़ रेलवे अलर्ट, स्टेशनों पर 24 घंटे RPF-GRP की तैनाती

CG News: स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए छत्तीसगढ़ में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रायपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और ट्रेनों से लेकर प्लेटफॉर्म व स्टेशन परिसर तक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए RPF और GRP के 50 से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। जवान अलग-अलग शिफ्ट में 24 घंटे ड्यूटी करेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

15 अगस्त के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के प्रवेश द्वार, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों के भीतर निगरानी बढ़ाई है। यात्रियों के साथ-साथ संदिग्ध सामान और प्लेटफॉर्म पर अनधिकृत रूप से घूमने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है।

स्टेशनों पर 24 घंटे रहेगी निगरानी

रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के तहत RPF और GRP के जवान अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहेंगे। सुबह, दोपहर और रात की शिफ्ट में सुरक्षा टीमें प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के अंदर गश्त करेंगी।

स्टेशन मास्टर और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे प्रशासन का फोकस यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकने पर है।

डॉग स्क्वाड और बम डिटेक्टर से जांच

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए RPF और GRP की टीम डॉग स्क्वाड की सहायता से भी जांच करेगी। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले से बम निरोधक दस्ते के साथ बम डिटेक्टर मशीनों से प्लेटफॉर्म, पार्सल और लगेज की जांच की जाएगी।

स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की मॉनिटरिंग भी कंट्रोल रूम से लगातार की जा रही है। इससे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और सुरक्षा टीमों को तत्काल अलर्ट करने में मदद मिलेगी।

प्लेटफॉर्म से ट्रेनों तक चेकिंग

सुरक्षा जांच केवल प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रहेगी। ट्रेनों के भीतर भी सुरक्षा टीमों द्वारा निगरानी और गश्त की जाएगी।

रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे सफर के दौरान अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें। कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत RPF, नजदीकी पुलिस या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना देने को कहा गया है।

45 लोगों पर हुई कार्रवाई

सोमवार को स्टेशन परिसर में चलाए गए जांच अभियान के दौरान करीब 45 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। स्टेशन, पार्किंग और आसपास के अन्य स्थानों पर भी जांच की गई।

इस दौरान नो-पार्किंग, अनधिकृत रूप से मौजूद लोगों और अन्य मामलों में कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस से पहले जांच और निगरानी अभियान को और तेज करने की तैयारी है।

मंगलवार को RPF निकालेगी फ्लैग मार्च

सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंगलवार को RPF की ओर से फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा। इसका उद्देश्य स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाना है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v