CG Breaking News: डंगनिया कैश लूटकांड का खुलासा, यूपी से दबोचे गए अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य

CG Breaking News: राजधानी रायपुर के डंगनिया इलाके में हुई 10 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रकम को हवाला का पैसा समझकर वारदात को अंजाम दिया था।

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद राजधानी में हुई यह सबसे बड़ी नकद लूट की घटनाओं में से एक मानी जा रही है।

गैस एजेंसी मैनेजर की पहले की रैकी

पुलिस जांच के अनुसार टाटीबंध स्थित एक गैस एजेंसी के मैनेजर श्रवण साहू बड़ी राशि लेकर जा रहे थे। आरोपियों ने पहले उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और रैकी की। इसके बाद दो बदमाश बाइक से उनका पीछा करते हुए डंगनिया तक पहुंचे।

मौका मिलते ही आरोपियों ने 10 लाख रुपये से भरी नकदी लूट ली और फरार हो गए।

5 सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ

जांच में पता चला है कि इस वारदात के पीछे पांच सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय था। गिरोह ने पूरी योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

रायपुर पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

हवाला रकम समझकर की वारदात

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों को शक था कि ले जाई जा रही राशि हवाला से जुड़ी नकदी है। इसी भ्रम में उन्होंने लूट की योजना बनाई। हालांकि जांच में वास्तविक तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने रायपुर में पहले से किसी स्थानीय नेटवर्क की मदद ली थी या नहीं।

शाम को होगा विस्तृत खुलासा

रायपुर पुलिस पूरे मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेगी। इसमें गिरफ्तार आरोपियों, बरामद रकम, वारदात की प्लानिंग और अन्य फरार आरोपियों को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v