Raigarh News: चार दिन से मां की तलाश में भटक रहा शावक, हाई स्कूल के सामने पहुंचा

Raigarh News: धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज में अपनी मां और झुंड से बिछड़ा हाथी शावक बीते चार दिनों से अकेले भटक रहा है। रविवार सुबह यह शावक चाल्हा के हाई स्कूल के सामने रिहायशी इलाके में पहुंच गया। शावक को बस्ती के बीच देखकर आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए शावक की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, बोरो रेंज के चाल्हा क्षेत्र में एक हाथी शावक पिछले चार दिनों से अपने झुंड से अलग है। शावक जंगल और आसपास के इलाकों में अकेले घूम रहा है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। विभाग का प्रयास है कि शावक को सुरक्षित रखते हुए उसकी मां और हाथियों के दल तक पहुंचाया जा सके। रविवार सुबह करीब 10 बजे शावक अचानक चाल्हा हाई स्कूल के सामने पहुंच गया। स्कूल और उसके आसपास घनी बस्ती होने के कारण शावक के वहां पहुंचने की सूचना मिलते ही वन अमला सक्रिय हो गया। टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और लोगों को शावक के करीब जाने से रोकने की कोशिश की। वन विभाग की निगरानी के बीच शावक कुछ समय तक हाई स्कूल के सामने रहा। इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए काचीरा की दिशा में जंगल की ओर निकल गया। शावक के रिहायशी इलाके से निकलकर जंगल की ओर जाने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। हालांकि, उसकी मां और झुंड से दूरी को देखते हुए निगरानी अभी भी जारी है। वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम शावक की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। टीम यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि शावक सुरक्षित रहे और उसे किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। साथ ही, उसके झुंड और मां की दिशा में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि उचित स्थिति बनने पर उसे उसके दल से मिलाने का प्रयास किया जा सके। शावक के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने से लोगों की भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे हाथी शावक को देखने के लिए उसके नजदीक न जाएं और न ही उसका पीछा करें। किसी भी तरह की भीड़ या हस्तक्षेप से शावक घबरा सकता है और स्थिति संवेदनशील हो सकती है। वन विभाग की टीम शावक की हर गतिविधि पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित क्षेत्र में रखने का प्रयास कर रही है। विभाग के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता शावक की सुरक्षा और उसे उसकी मां तथा झुंड तक सुरक्षित पहुंचाना है। फिलहाल शावक काचीरा की ओर जंगल में आगे बढ़ चुका है और वन अमला उसकी गतिविधियों की निगरानी में जुटा हुआ है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v