Raigarh News: रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में मारपीट से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) अपनी महिला मित्र से मिलने ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के तीन युवकों ने वहां आने को लेकर उससे विवाद किया और उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के बाद शिवा की तबीयत बिगड़ी और जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में दो आरोपियों राजू महंत उर्फ संजय महंत और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर की रात शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इस बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटककर भी पीटा।
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया और वह घर चला गया। घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद शुरुआत में थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। चूंकि घटना स्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में था, इसलिए मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की और घटनाक्रम से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों तथा बीच-बचाव करने वाले गवाहों के बयान दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार, गवाहों के बयानों में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर 2026 को जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व की कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और उनके रिहा होने की जानकारी थी। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने लाया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ शिवा सेठ्ठी के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी योग्य पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को राजू महंत और कृष्णा साव को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू महंत उर्फ संजय महंत, पिता लोकेश्वर दास महंत, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल रायगढ़ और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव, पिता सीयाराम साव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल रायगढ़ शामिल हैं।
मामले में तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और उसकी पतासाजी जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को लेकर कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में नहीं लेने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
फिलहाल मामले में दो आरोपी गिरफ्तार होकर न्यायिक रिमांड पर भेजे जा चुके हैं, जबकि तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश जारी है। पुलिस की विवेचना और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v