CG Traffic Fail: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही रायपुर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। शनिवार को शहर की आधा दर्जन से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। मोवा ओवरब्रिज, आमापारा, शंकर नगर, एक्सप्रेस-वे फुंडहर चौक और पुरानी बस्ती समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति यह रही कि कुछ मार्गों पर महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को करीब 45 मिनट तक लग गए।
जाम के दौरान कारों की लंबी कतारों के बीच बाइक सवार रास्ता तलाशकर आगे निकलते नजर आए। कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करते रहे, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण तत्काल राहत नहीं मिल सकी। प्रमुख सड़कों पर लगातार बढ़ते दबाव ने त्योहारी सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चुनौती बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बारिश के दौरान बाइक से निकलने वाले कई लोग कार का इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे सामान्य दिनों की तुलना में अचानक सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। इसके साथ ही त्योहारी खरीदारी और विभिन्न आयोजनों के कारण बाजार क्षेत्रों में लोगों और वाहनों की आवाजाही भी बढ़ने लगती है।
शहर में जाम की एक वजह सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी बाजार, पंडाल और बेतरतीब पार्किंग भी सामने आई है। कई जगह ठेले, गुमटियां और दुकानें सड़क के हिस्से तक फैल गई हैं। इससे पहले से सीमित सड़क की चौड़ाई और कम हो जाती है। कई स्थानों पर वाहन भी सड़क पर ही खड़े किए जा रहे हैं, जिससे दूसरे वाहनों के लिए निकलने की जगह कम बचती है।
त्योहारी आयोजनों के दौरान प्रतिमाओं को पंडाल तक ले जाने के लिए भी सड़क का इस्तेमाल किया जा रहा है। ढोल-बाजे और डीजे के साथ निकलने वाले जुलूसों के कारण कुछ समय के लिए सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। बाजार, आयोजन और पार्किंग का दबाव एक साथ बढ़ने से प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की जा रही है। सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने और यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन पुलिस के हटने के बाद कई स्थानों पर दोबारा वाहन सड़क पर खड़े होने की समस्या सामने आती है। इससे कार्रवाई के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अब विशेष एक्शन प्लान पर काम शुरू कर दिया है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के अनुसार सड़क से ठेले, गुमटी और दुकानें हटाने के लिए दस्ता तैयार किया गया है। अस्थायी बाजारों को सड़क से हटाकर खाली मैदान और प्लॉट में शिफ्ट करने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
डीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ भी कार्रवाई बढ़ाई जाएगी। सड़क खाली कराने के साथ यह निगरानी भी की जाएगी कि कार्रवाई के बाद दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण या पार्किंग न हो। इसके लिए त्योहारी सीजन के दौरान प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी है।
ट्रैफिक एक्सपर्ट प्रफुल्ल जोशी के अनुसार प्रमुख रूटों पर सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की जरूरत है। उनका कहना है कि लोग निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक और साझा परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें तो सड़कों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है। इसके साथ ही सड़क पर कारोबार, पार्किंग और आयोजनों को लेकर भी सख्ती जरूरी है।
आने वाले दिनों में त्योहारों के कारण बाजारों में भीड़ और वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क किनारे अस्थायी बाजार, पंडाल और पार्किंग से उपलब्ध सड़क कम होने पर प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने, बाजारों को व्यवस्थित करने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई को अब त्योहारी ट्रैफिक नियंत्रण की तैयारी के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v