CG News: देवरी पिकनिक स्पॉट पर मातम! नदी में बहे तीनों युवकों के शव मिले

CG News: जांजगीर-चांपा जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। शनिवार को एक युवक का शव बरामद किया गया था, जबकि रविवार सुबह दो अन्य युवकों के शव भी नदी से बाहर निकाल लिए गए। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले चार छात्र और चार छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े हुए थे। बताया गया कि इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके दो दोस्त भी पानी में उतर गए। तेज बहाव के कारण तीनों युवक नदी में बह गए। घटना की सूचना मिलने के बाद बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। इसके बाद नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तेज बहाव और नदी के आसपास की स्थिति के कारण टीम को शवों की तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू अभियान के दौरान शनिवार को पवन का शव बरामद कर लिया गया था। इसके बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने रविवार सुबह नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव सुबह करीब 6:15 बजे बरामद किया गया। इसके कुछ देर बाद मुरारी साहू का शव भी नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसका शव घटनास्थल के पास पत्थरों के बीच बनी एक खोह में फंसा हुआ बताया गया। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला। तीनों युवकों के शव मिलने के बाद रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया। शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सक्रिय हुआ है। प्रशासन की ओर से पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के लिए सख्ती करने और बैरिकेडिंग की तैयारी की जा रही है। नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाए जाने की तैयारी है। देवरी में हुए इस हादसे के बाद पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ध्यान बढ़ा है। प्रशासन की तैयारी के तहत संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जा सकती है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v