Raigarh News: रायगढ़ शहर में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। केलो नदी किनारे नया फोरलेन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जो उर्दना चौक से संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने प्रस्तावित परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी आवश्यक स्वीकृतियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
उर्दना चौक से मेडिकल कॉलेज तक बनेगा नया मार्ग
प्रस्तावित परियोजना के तहत एसईसीएल क्षेत्र से बोंदाटिकरा पुल, बोंदाटिकरा पुल से आकाशवाणी रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को भू-अर्जन और प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
शहर में प्रवेश किए बिना मिलेगा हाईवे का रास्ता
इस फोरलेन कॉरिडोर के बनने के बाद जशपुर रोड से आने वाले वाहन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना सीधे बिलासपुर–संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग और रायपुर मार्ग तक पहुंच सकेंगे। इससे भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
40% तक घट सकता है ट्रैफिक दबाव
प्रस्तावित इंटरनल रिंग रोड के विकसित होने से रायगढ़ शहर में यातायात दबाव लगभग 40 प्रतिशत तक कम होने की संभावना है। इससे लोगों का यात्रा समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी।
मरीन ड्राइव परियोजना पर भी तेजी
कलेक्टर ने बताया कि प्रस्तावित चार मरीन ड्राइव परियोजनाओं में से तीन पर कार्य जारी है। वहीं शेष 2.3 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव मार्ग के निर्माण के लिए PWD को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना को राज्य शासन से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है, जिससे इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




