CG News: बीजापुर में बाघ की खाल, पासेवाड़ा रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड निलंबित, जांच जारी

CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघ की खाल तस्करी के बहुचर्चित मामले में वन विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभाग ने पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच अभी भी जारी है।

वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई इंद्रावती टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में सामने आए टाइगर स्किन तस्करी मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के आधार पर की गई है। फिलहाल तीन वनकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अब तक की कार्रवाई में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा वन्यजीव तस्करी का यह नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है।

वन विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इंद्रावती टाइगर रिजर्व देश के महत्वपूर्ण टाइगर लैंडस्केप में शामिल है, ऐसे में बाघ संरक्षण से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v