CG News: AE और DE निलंबित, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट, ओवरलोड वाहनों पर भी सख्ती

CG News: प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र में बनी सड़क धंसने के मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जांच के बाद सहायक अभियंता (AE) और उप अभियंता (DE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जांच में सामने आई यह बड़ी वजह

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क की कोर कटिंग कर गुणवत्ता की जांच कराई। तकनीकी जांच में अधिकांश हिस्से की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई, लेकिन सड़क धंसने की प्रमुख वजह क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां सामने आईं।

जांच के अनुसार जिस सड़क पर 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति थी, वहां लगातार 60 से 70 टन रेत से लदे ओवरलोड ट्रक चल रहे थे, जिससे सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचा।

AE और DE निलंबित, EE पर भी कार्रवाई की तैयारी

निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कार्यपालन अभियंता (EE) संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

दोबारा बनेगी क्षतिग्रस्त सड़क

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सड़क के धंसे हुए हिस्से को पूरी तरह हटाकर दोबारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार बनाया जाए। साथ ही पूरी सड़क के शोल्डर को भी तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूत किया जाएगा।

तकनीकी रिपोर्ट में शोल्डर का कॉम्पैक्शन 100 प्रतिशत के बजाय 94.68 से 95 प्रतिशत पाया गया। इसके अलावा एक पुलिया की बैकफिलिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली, जिससे बारिश का पानी अंदर पहुंचकर सड़क को कमजोर करता रहा।

ओवरलोड वाहनों पर चलेगा अभियान

सचिव भीम सिंह ने कहा कि भविष्य में जनमन योजना की सड़कों पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाएंगे, ताकि सरकारी निर्माण कार्य सुरक्षित रह सकें। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v