CG Breaking News: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हाईवोल्टेज पुलिस चेज देखने को मिला। ग्राम गुंडरदेही में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी 13 वर्षीय छात्रा दीपाली हल्बा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। अंबागढ़ चौकी के बाद मोहला थाना के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए भागने का प्रयास किया। इस दौरान सड़क पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई।
पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। आखिरकार मानपुर से आगे कोरकोट्टी के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक उत्तर प्रदेश निवासी देवी सिंह है और प्रारंभिक जांच में उसके नशे में वाहन चलाने की बात सामने आई है।
घटना के बाद गुंडरदेही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और राज्य राजमार्ग पर लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




