Chhattisgarh UCC: समान नागरिक संहिता के लिए हाईपावर कमेटी गठित, रंजना प्रकाश देसाई को मिली जिम्मेदारी

Chhattisgarh UCC: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने यूसीसी के अध्ययन, सुझाव और प्रारूप (ड्राफ्ट) तैयार करने के लिए एक हाईपावर कमेटी का गठन किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

सरकार द्वारा गठित इस समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई करेंगी। समिति का दायित्व राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के विभिन्न कानूनी, सामाजिक और प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन करना तथा विस्तृत रिपोर्ट और ड्राफ्ट तैयार करना होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए इसे राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। सरकार का कहना है कि समिति विभिन्न वर्गों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर आगे की प्रक्रिया तय करेगी।

राज्य शासन के अनुसार, हाईपावर कमेटी कानून, सामाजिक परंपराओं और संवैधानिक प्रावधानों का अध्ययन करने के बाद अपनी अनुशंसाएं सरकार को सौंपेगी। इसके आधार पर राज्य में UCC लागू करने की आगे की प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v