CG Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के बावजूद प्रदेशवासियों को बारिश का इंतजार है। अधिकांश जिलों में गुरुवार को तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार 27 जून से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अगले सात दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मानसून पहुंचा, लेकिन बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, लेकिन फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अपेक्षित बारिश नहीं हुई है। पिछले 24 घंटों में केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रहा।
इन इलाकों में हुई हल्की बारिश
बीते 24 घंटों में कुसमी और बस्तर में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बकावंड, बलरामपुर और गीदम में 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई। दौरा कोचली और करपावंड में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां भी देखने को मिलीं।
बिलासपुर सबसे गर्म, रायपुर में भी बढ़ी उमस
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा। दुर्ग में 39.2 डिग्री और राजनांदगांव में 39 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 66 प्रतिशत तक पहुंचने से दिनभर उमस बनी रही। वहीं पेंड्रारोड प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
27 जून से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 जून से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वर्तमान में उत्तर राजस्थान से बिहार तक द्रोणिका सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
सात दिनों तक अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना व्यक्त की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की गई है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




