Vietnam Boat Accident: वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को एक बड़ा नौका हादसा हो गया। पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव समुद्र में पलट गई, जिसमें 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हादसे में 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन की ओर से बचाव अभियान जारी है, जबकि भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटा हुआ है।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
स्थानीय मीडिया के अनुसार, नाव में 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक, तीन चालक दल के सदस्य और एक परिचारक शामिल थे। नाव होन मे रुट न्गोआई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप से एन थोई पोर्ट (An Thoi Port) की ओर जा रही थी। इसी दौरान समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण नाव पलट गई और सभी लोग पानी में गिर गए।
तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल के थे मृतक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के निवासी शामिल हैं। घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ लोगों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
भारतीय दूतावास ने शुरू की मदद
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारत के राजदूत और दूतावास के अधिकारी फु क्वोक रवाना हो गए हैं ताकि स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पीड़ितों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
लावा मोबाइल्स ने भी जारी किया बयान
मोबाइल निर्माता Lava Mobiles ने बताया कि इस हादसे में कंपनी के कुछ कर्मचारी और चैनल पार्टनर भी शामिल थे। कंपनी ने कहा कि वह भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दक्षिण भारत से लावा के 110 डिस्ट्रीब्यूटर और कर्मचारी वियतनाम यात्रा पर गए हुए थे।
प्रधानमंत्री और राहुल गांधी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनाम प्रशासन के साथ समन्वय कर बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
बचाव अभियान जारी
स्थानीय प्रशासन की ओर से समुद्र में लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि प्रभावित परिवार किसी भी जानकारी या सहायता के लिए स्थापित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




