Bilaspur Railway News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जोनल स्टेशन के यार्ड में शनिवार शाम मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर जाने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना शाम करीब 6:45 बजे हुई, जब बिलासपुर से गतौरा की ओर जा रही मालगाड़ी के 22वें वैगन की एक ट्रॉली (बोगी) मिडिल लाइन पर डिरेल हो गई। घटना के बाद रेलवे ने तत्काल राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया।
कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले
डिरेलमेंट के कारण यार्ड की मिडिल लाइन प्रभावित हो गई। इसके चलते प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ। रेलवे ने परिचालन सुचारू बनाए रखने के लिए मेल एक्सप्रेस और उत्कल एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए।
तीन घंटे तक चला राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही डीआरएम, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले डिरेल वैगन को मालगाड़ी से अलग किया गया और शेष रैक को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। इसके बाद क्रेन की सहायता से बेपटरी वैगन को वापस पटरी पर लाने का काम शुरू हुआ, जो करीब तीन घंटे बाद रात लगभग 9 बजे पूरा हुआ।
मुख्य रेल लाइन पर परिचालन रहा सामान्य
रेलवे प्रशासन ने बताया कि डिरेलमेंट केवल यार्ड की मिडिल लाइन तक सीमित था। अप और डाउन मुख्य लाइन पूरी तरह चालू रहीं, इसलिए लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा और किसी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया।
जांच के बाद सामने आएगी वजह
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डिरेलमेंट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। बेपटरी हुए वैगन को साइड लाइन पर हटाकर तकनीकी परीक्षण के लिए रखा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, ट्रैक की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




