Raipur News: राजधानी रायपुर में डंगनिया क्षेत्र में हुई ₹10.26 लाख की बड़ी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। घटना को पूरी तरह सुनियोजित तरीके से रेकी कर अंजाम दिया गया था।
कैश लेकर जा रहे सुपरवाइजर को बनाया निशाना
प्रार्थी श्रवण साहू कंपनी का सुपरवाइजर है, जिसे 6 जून 2026 को बालाजी कॉरपोरेट ऑफिस से उधारी की राशि लेने भेजा गया था। वह करीब ₹10,26,500 नकद लेकर डंगनिया बाजार पहुंचा था।
जैसे ही वह कार से बैग निकाल रहा था, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे धक्का देकर बैग छीन लिया और सुंदर नगर की ओर फरार हो गए।
CCTV और तकनीकी जांच से खुला पूरा नेटवर्क
घटना के बाद थाना डीडी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने पहले से ही करीब डेढ़ महीने तक रेकी की थी और ऑफिस से नकदी लेकर निकलने वाले कर्मचारियों को टारगेट करने की योजना बनाई थी।
पूर्व कर्मचारी की जानकारी से बनी लूट की साजिश
मुख्य आरोपी गौरव तिवारी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पहले कंपनी में पैसों के लेन-देन से जुड़ा था। उसी दौरान उसे जानकारी मिली कि ऑफिस से बड़ी नकदी बाहर लाई जाती है।
इसके बाद उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और रेकी कर सही मौके का इंतजार किया।
घटना वाले दिन गिरोह ने दो बाइक पर सवार होकर पीछा किया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव तिवारी और आशीष पांडेय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। आशीष को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया।
अब तक पुलिस ने करीब ₹7 लाख नकद और एक एक्टिवा वाहन बरामद किया है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जल्द और गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो पहले से रेकी कर कैश ट्रांसपोर्ट को टारगेट करता था। जल्द ही फरार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




