Raigarh News: साइकिल से वार्डों में पहुंचे महापौर जीवर्धन चौहान, कीचड़-कचरे के बीच लिया सफाई व्यवस्था का जायजा

Raigarh News: शहर की मूलभूत सुविधाओं और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने महापौर जीवर्धन चौहान लगातार अलग-अलग वार्डों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह उन्होंने वार्ड क्रमांक 42 बजरंग पारा कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। महापौर ने क्षेत्र के पार्षद उस्त भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड का भ्रमण कर साफ-सफाई, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।

महापौर ने इस दौरान वार्डवासियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों द्वारा बताई गई समस्याओं को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

महापौर जीवर्धन चौहान के वार्ड भ्रमण की खास बात यह रही कि वे साइकिल से क्षेत्र में पहुंचे और गलियों के भीतर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सड़क पर कीचड़, कचरे के ढेर और नालियों की स्थिति को भी मौके पर देखा। कई स्थानों पर उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी जानकारी ली।

महापौर ने कहा कि महापौर की जिम्मेदारी केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है। जनता की समस्याओं को समझने के लिए उनके बीच पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई बेहतर हो, नालियों और सड़कों की व्यवस्था दुरुस्त रहे तथा लोगों को पर्याप्त पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलें, यह उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओमप्रकाश चौधरी जिस तरह छत्तीसगढ़ और रायगढ़ के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं, उससे उन्हें भी अपने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।

महापौर ने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए पहले उसकी वास्तविक स्थिति को मौके पर जाकर समझना जरूरी है। इसी उद्देश्य से वे लगातार वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं। उनका कहना है कि लोगों से सीधे संवाद करने से समस्याओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है और अधिकारियों को भी मौके के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकते हैं।

वार्डवासियों ने महापौर के सीधे उनके बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने के प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के निरीक्षण से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे महापौर और अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पार्षद विजय चौहान, पार्षद कुंदन चौहान, पार्षद पति रमेश दूतिय, पूर्व पार्षद राघवन सिंह, जनता पार्षद रामाधार साहू, निलाम्बर पटेल, श्रीकांत साहू, भीम यादव, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी रमेश तांती सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v