Raigarh News: ढिमरापुर रोड की बदहाल स्थिति और इससे बढ़ते दुर्घटना के खतरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत, कीचड़ एवं पानी की निकासी और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि ढिमरापुर रोड पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने हाल ही में इसी मार्ग पर स्कूटी के कीचड़ में फिसलने के बाद ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत का उल्लेख करते हुए सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की।
शाखा यादव ने कहा कि नई सड़क के निर्माण की प्रस्तावित योजना अपनी जगह है, लेकिन उसके निर्माण में समय लग सकता है। ऐसे में नई सड़क बनने तक मौजूदा सड़क को सुरक्षित बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गड्ढों की मरम्मत, कीचड़ हटाने और पानी की निकासी जैसी तत्काल व्यवस्था कर लोगों को राहत दी जा सकती है।
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से ढिमरापुर रोड के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, सड़क पर जमा पानी और कीचड़ की निकासी सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की।
कांग्रेस ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में सड़क की मरम्मत और यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी ढिमरापुर रोड पर धरना और विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने इसे जनआंदोलन का रूप देने की चेतावनी भी दी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक प्रकाश नायक, वरिष्ठ कांग्रेसी हरेराम तिवारी, अरुण गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, नरेश जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, विकास ठेठवार, नारायण घोरे, यशोदा कश्यप, आशीष चौबे, संजुक्ता सिंह, संदीप अग्रवाल, रजत गोयल, संजय चौहान, रत्थू जायसवाल, दीपक भट्ट, शुक्लांबर भट्ट, दीपक सिंह, वैभव चौबे, अमृत काटजू, सत्यप्रकाश शर्मा, कन्हैया पटेल, मदन महंत, प्रताप सिंह, सोनू पुरोहित सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




