Chhattisgarh Electricity Bill: बिजली दर बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हल्ला बोल, फव्वारा चौक में CM साय का पुतला दहन

Chhattisgarh Electricity Bill: छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया और बिजली दरों में वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने विधायक निवास में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में बढ़ोतरी आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम है।

घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों पर असर का दावा

संगीता सिन्हा ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट को प्रभावित करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार बिजली महंगी कर रही है, जबकि आम नागरिक पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा। कृषि कार्यों की लागत बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कांग्रेस ने सरकार से बिजली दर वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

कांग्रेस शासनकाल की योजनाओं का किया जिक्र

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उस समय उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 400 यूनिट बिजली हाफ योजना जैसी सुविधाएं दी गई थीं। उनका कहना था कि कांग्रेस सरकार ने जनता को राहत देने वाली नीतियों को प्राथमिकता दी थी।

स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। संगीता सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से स्मार्ट मीटरों में अधिक यूनिट दर्ज होने और वास्तविक खपत से ज्यादा बिल आने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था की स्वतंत्र जांच कराई जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने अन्य राज्यों के उदाहरण देते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा करने की आवश्यकता बताई।

फव्वारा चौक में प्रदर्शन, CM का पुतला दहन

बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोहला के फव्वारा चौक में प्रदर्शन किया। संगीता सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

महिलाओं को बांटे गए सैनिटरी पैड

कार्यक्रम के दौरान महिला स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कांग्रेस की ओर से महिलाओं को सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए। आयोजकों ने इसे महिला स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईदा खान, संजय जैन, मीना मांझी, पुष्पा मंडावी, लता साव, गमिता लोनहारे, सरस्वती ठाकुर, उत्तरा निषाद, सुभद्रा नेताम, विद्या ताम्रकार और साधना सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v