CG Rail News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल अंतर्गत जांजगीर-नैला स्टेशन पर ऑटो सिग्नलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी के कार्य के चलते 22 जून से 5 जुलाई 2026 तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान 7 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और समय में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर-चांपा चौथी लाइन परियोजना के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। यह कार्य रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और भविष्य में ट्रेनों के सुगम संचालन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इसके चलते स्थानीय यात्रियों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
यात्रियों को राहत देने विशेष व्यवस्था
रेलवे ने यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। 22 जून से 3 जुलाई 2026 तक कोरबा से चलने वाली कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) को कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18249/18250 और 18251/18252) भी इसी अवधि में कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच स्थानीय यात्रियों के लिए पैसेंजर सेवा उपलब्ध कराएगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार निम्नलिखित ट्रेनें निर्धारित अवधि में पूरी तरह रद्द रहेंगी—
- रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68737/68738)
- बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68733/68734)
- बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68731/68732)
इसके अलावा—
- रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746) – 21 जून से 2 जुलाई तक रद्द
- रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) – 21 जून से 2 जुलाई तक रद्द
- गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68745) – 22 जून से 3 जुलाई तक रद्द
- कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203) – 22 जून से 3 जुलाई तक रद्द
कुछ ट्रेनों का बदला जाएगा मार्ग
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर (68861) 22 जून से 3 जुलाई तक केवल बिलासपुर तक ही संचालित होगी। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
वहीं वापसी में झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर (68862) झारसुगुड़ा के बजाय बिलासपुर स्टेशन से ही रवाना होगी।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस देरी से चलेगी
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि 1 जुलाई 2026 को कोरबा से रवाना होने वाली कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे की देरी से चलेगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 या NTES ऐप के माध्यम से ट्रेनों की वास्तविक स्थिति और समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
चौथी लाइन और आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था का यह कार्य पूरा होने के बाद बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेनों की आवाजाही और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। रेलवे का दावा है कि इससे भविष्य में ट्रेनों की समयबद्धता और परिचालन क्षमता में सुधार होगा। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




