CG News: रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करने की दिशा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सोमवार को प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक O. P. Choudhary ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान रायगढ़ महापौर Jeevardhan Chauhan और कलेक्टर Mayank Chaturvedi भी मौजूद रहे।
नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव
वित्त मंत्री ने प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी नवंबर तक परियोजना को हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव रायगढ़ की नई पहचान बनेगी। इससे शहर का सौंदर्य बढ़ेगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल भी मिलेगा।
रायगढ़ को मिलेगा आधुनिक अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है।
आईएसबीटी में एक समय में 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए पार्किंग और स्पेस आरक्षित रहेगा। यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग 550 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए अलग वर्कशॉप क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
सात एकड़ में विकसित होगा ऑक्सीजोन
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया।
करीब सात एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस हरित परिसर को शहर के पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजोन में दो प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास समय की आवश्यकता है और यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कई प्रमुख परियोजनाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मरीन ड्राइव, आईएसबीटी और ऑक्सीजोन के अलावा मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल परियोजना की प्रगति का भी अवलोकन किया गया।
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान महत्व दिया जा रहा है, ताकि शहर संतुलित और टिकाऊ विकास का उदाहरण बन सके।




