CG News: ED की खबर स्टेटस पर लगाई तो युवक को मिली धमकी, बोला- मारते हुए थाने ले जाऊंगा; गांव छोड़कर गया

CG News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से जुड़ी एक खबर मोबाइल स्टेटस पर लगाना पाटन क्षेत्र के एक युवक के लिए परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि अखबार में प्रकाशित खबर को वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाने के बाद जामगांव एम के एक किराना दुकान संचालक ने युवक को फोन कर गाली-गलौज की और धमकी दी। फोन पर कथित तौर पर उसे मारते हुए थाने ले जाने और जेल भेजने की बात कही गई। धमकी के बाद युवक डर के कारण गांव छोड़कर चला गया। मामले में पाटन थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि ED की कार्रवाई से जुड़ी खबर में जिस अनिल चंद्राकर का नाम सामने आया था और युवक को फोन कर धमकी देने वाला जामगांव एम का अनिल चंद्राकर अलग-अलग व्यक्ति हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों के नाम एक जैसे होने के कारण विवाद की स्थिति बनी। जानकारी के मुताबिक पाटन क्षेत्र के रूही गांव निवासी परमेश्वर सिंगौर ने 3 सितंबर को एक अखबार में प्रकाशित ED की कार्रवाई से संबंधित खबर अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाई थी। खबर के नीचे उसने ‘जामगांव एम’ लिख दिया था। परमेश्वर का कहना है कि उसने खबर केवल उत्सुकता और जानकारी के उद्देश्य से स्टेटस पर लगाई थी। उसका किसी संबंधित व्यक्ति से व्यक्तिगत विवाद नहीं है। परमेश्वर के अनुसार, स्टेटस लगाने के अगले दिन 4 सितंबर को दोपहर करीब 1.40 बजे उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अनिल चंद्राकर बताया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन उठाते ही उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी देते हुए कहा गया कि उसे मारते-मारते थाने ले जाया जाएगा और छह महीने के लिए जेल में डाल दिया जाएगा। परमेश्वर ने फोन करने वाले को समझाने का प्रयास किया कि उसने किसी व्यक्ति को अपमानित करने के उद्देश्य से खबर स्टेटस पर नहीं लगाई है। उसका कहना है कि उसने अखबार में खबर पढ़ी और उसे केवल जानकारी के लिए अपने स्टेटस पर साझा किया था। शिकायत के मुताबिक इसके बावजूद फोन पर गाली-गलौज और धमकी जारी रही। परमेश्वर ने पुलिस को बताया कि फोन पर हुई बातचीत से वह डर गया था। उसने अपने दोस्त भोला राम सिंगौर के मोबाइल की मदद से बातचीत रिकॉर्ड कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। इसके बाद उसी दिन करीब 3.10 बजे परमेश्वर को जानकारी मिली कि अनिल चंद्राकर गांव पहुंचा है और उसे बुला रहा है। शिकायत के अनुसार गांव के ही हितेंद्र पटेल ने फोन कर उसे इस बारे में बताया। परमेश्वर का आरोप है कि उसे यह भी जानकारी दी गई कि उसके साथ मारपीट की जा सकती है और जान से मारने की धमकी दी गई है। परमेश्वर के मुताबिक इस सूचना के बाद वह डर गया और गांव छोड़कर चला गया। उसने पुलिस को दी शिकायत में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि धमकी के कारण वह घर से बाहर रहने के लिए मजबूर है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि जिस ED मामले से संबंधित खबर उसने अपने स्टेटस पर लगाई थी, उससे उसका कोई संबंध नहीं है। उसका दावा है कि वह न तो उस मामले में गवाह है और न ही किसी जांच का हिस्सा है। अखबार में प्रकाशित खबर पढ़ने के बाद उसने उसे केवल जानकारी के लिए अपने मोबाइल स्टेटस पर साझा किया था। परमेश्वर ने पुलिस को अखबार में प्रकाशित खबर की कॉपी और फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात कही है। शिकायत के आधार पर पाटन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जिस खबर को परमेश्वर ने स्टेटस पर लगाया था, वह ED की कार्रवाई से संबंधित थी। खबर में करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये अनिल चंद्राकर को दिए जाने का उल्लेख था। ED की जांच के अनुसार CGPSC-2021 परीक्षा के पेपर लीक मामले में कुछ अभ्यर्थियों और आरोपियों के रिश्तेदारों तक पेपर पहुंचाने और इसके बदले रकम लिए जाने की बात सामने आई थी। ED के अनुसार उत्कर्ष चंद्राकर और डॉ. विकास चंद्राकर ने नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का भरोसा देकर 3 करोड़ रुपये से अधिक नकद लिए थे। जांच में करीब 2.80 करोड़ रुपये अनिल चंद्राकर को दिए जाने की बात सामने आई थी। इसी कार्रवाई से संबंधित खबर को परमेश्वर ने अपने मोबाइल स्टेटस पर लगाया था। हालांकि शिकायतकर्ता और पुलिस के सामने दर्ज मामले में जिस अनिल चंद्राकर का उल्लेख है, वह ED की कार्रवाई में सामने आए अनिल चंद्राकर से अलग व्यक्ति बताया गया है। फिलहाल पाटन पुलिस शिकायत, कथित धमकी की रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v