CG News: जंगल जाते समय दंपती पर हमला, दौड़ाकर कुचला

CG News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। राजपुर वन परिक्षेत्र के कुंदीकला गांव में मंगलवार सुबह जंगल की ओर जाते समय दल से बिछड़े एक हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। हाथी ने दंपती को दौड़ाकर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बांधपारा निवासी जूठन गोड (65) और उनकी पत्नी सुंदरी बाई (55) सुबह करीब पांच बजे घर से जंगल की ओर निकले थे। घर से लगभग 200 मीटर दूर पहुंचते ही उनका सामना एक हाथी से हो गया। अचानक सामने हाथी को देखकर दोनों घबरा गए। इससे पहले कि वे सुरक्षित स्थान की ओर भाग पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक हाथी ने पहले दोनों को दौड़ाया और फिर जमीन पर गिराकर कुचल दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव, वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा तथा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग के अनुसार पांच हाथियों का एक दल सरगुजा जिले के कल्याणपुर जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा था। इनमें से एक हाथी भटककर कुंदीकला क्षेत्र में पहुंच गया था, जिसने यह हमला किया।

वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। एक दिन पहले कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में भी हाथी के हमले में सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों की जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v