Dhamtari Viral News: धमतरी में पुलिस और बाइक सवार युवक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीन डीएसपी की विशेष जांच समिति गठित कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े पुलिसकर्मियों और युवक को नोटिस जारी किया गया है।
मुजगहन के पास रात में हुआ था विवाद
यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास 5 जून की रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी और उनके स्टाफ की एक युवक से तीखी बहस और स्थिति तनावपूर्ण होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक पर जा रहा था, तभी वाहन जांच के दौरान विवाद की स्थिति बनी।
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वीडियो वायरल करने वाले युवक की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
तीन डीएसपी करेंगे पूरे मामले की जांच
धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी बनाई है।
इस समिति का नेतृत्व डीएसपी मोनिका मरावी करेंगी, जबकि डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव सदस्य होंगे।
सभी पक्षों के बयान लेकर तैयार होगी रिपोर्ट
जांच टीम सभी संबंधित पुलिसकर्मियों, युवक और अन्य गवाहों के बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही उपलब्ध वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
आगे की कार्रवाई रिपोर्ट पर निर्भर
फिलहाल पूरे मामले की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि किसकी भूमिका संदिग्ध पाई जाती है और आगे क्या प्रशासनिक या विभागीय कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




