CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। जिले के ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम ढोरीठेमा निवासी और असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू को उनकी असाधारण वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
मणिपुर ऑपरेशन में दिखाई अदम्य वीरता
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में मणिपुर के टेंगनौपाल क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान भोजराम साहू ने असाधारण साहस का परिचय दिया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला किया गया था, जिससे हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे।
गोली लगने के बावजूद जारी रखी जवाबी कार्रवाई
मुठभेड़ के दौरान भोजराम साहू को गोली लगी, लेकिन उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मोर्चा संभाले रखा। घायल होने के बावजूद उन्होंने आतंकियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई जारी रखी और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें शौर्य चक्र के लिए चुना गया।
पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व और उत्साह
इस की घोषणा के बाद बालोद सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों ने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाले भोजराम साहू युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
गृह मंत्री करेंगे विशेष सम्मान
जानकारी के अनुसार दिल्ली से लौटने के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा बालोद पहुंचकर विशेष कार्यक्रम में भोजराम साहू का सम्मान करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया प्रेरणादायक उपलब्धि
बालोद के पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने कहा कि यह सम्मान पूरे सुरक्षा बल और पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भोजराम साहू की वीरता आने वाली पीढ़ियों और सुरक्षा बलों के जवानों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




